मुसहफ़ में सूरह नंबर 105, 5 आयतें, पेज 601 से शुरू।
بِسۡمِ ٱللَّهِ ٱلرَّحۡمَٰنِ ٱلرَّحِيمِ
1. क्या तुमने नहीं देखा कि तुम्हारे पालनहार ने हाथी वालों के साथ किस तरह किया?
2. क्या उसने उनकी चाल को विफल नहीं कर दिया?
3. और उनपर झुंड के झुंड पक्षी भेजे।
4. जो उनपर पकी हुई मिट्टी (खंगर) की कंकड़ियाँ फेंक रहे थे।
5. तो उसने उन्हें खाए हुए भूसे की तरह कर दिया।[1]
[1] (1-5) इस सूरत का लक्ष्य यह बताना है कि काबा को आक्रमण से बचाने के लिए तुम्हारे देवी-देवता कुछ काम न आए। क़ुरैश के प्रमुखों ने अल्लाह ही से दुआ की थी और उनपर इसका इतना प्रभाव पड़ा था कि कई वर्षों तक साधारण नागरिकों तक ने भी अल्लाह के सिवा किसी की पूजा नहीं की थी। यह बात नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पैदाइश से कुछ पहले की थी और वहाँ बहुत सारे लोग अभी जीवित थे जिन्होंने यह चित्र अपने नेत्रों से देखा था। अतः उनसे यह कहा जा रहा है कि मुह़म्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम जो आमंत्रण दे रहे हैं वह यही तो है कि अल्लाह के सिवाय किसी की पूजा न की जाए, और इसको दबाने का परिणाम वही हो सकता है जो हाथी वालों का हुआ। (इब्ने कसीर)
अर्थों का अनुवाद: Hindi Translation - Azizul Haq Al-Omari, संस्करण 1.1.5, QuranEnc.com से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित। (QuranEnc.com)
अनुवाद क़ुरआन के अर्थों को पहुँचाता है; यह स्वयं क़ुरआन नहीं है। क़ुरआन ऊपर दिया गया अरबी पाठ है।