मुसहफ़ में सूरह नंबर 75, 40 आयतें, पेज 577 से शुरू।
بِسۡمِ ٱللَّهِ ٱلرَّحۡمَٰنِ ٱلرَّحِيمِ
1. मैं क़सम खाता हूँ क़ियामत के दिन[1] की।
[1] किसी चीज़ की क़सम खाने का अर्थ होता है, उसका निश्चित् होना। अर्थात प्रलय का होना निश्चित् है।
2. तथा मैं क़सम खाता हूँ निंदा[2] करने वाली अंतरात्मा की।
[2] मनुष्य की अंतरात्मा की यह विशेषता है कि वह बुराई करने पर उसकी निंदा करती है।
3. क्या इनसान समझता है कि हम कभी उसकी हड्डियों को एकत्र नहीं करेंगे?
4. क्यों नहीं? हम इस बता का भी सामर्थ्य रखते हैं कि उसकी उंगलियों की पोर-पोर सीधी कर दें।
5. बल्कि मनुष्य चाहता है कि अपने आगे भी[3] गुनाह करता रहे।
[3] अर्थात वह प्रलय तथा ह़िसाब का इनकार इसलिए करता है ताकि वह पूरी आयु कुकर्म करता रहे।
6. वह पूछता है कि क़ियामत का दिन कब होगा?
7. तो जब आँख चौंधिया जाएगी।
8. और चाँद को ग्रहण लग जाएगा।
9. और सूर्य और चाँद एकत्र[4] कर दिए जाएँगे।
[4] अर्थात दोनों पश्चिम से अँधेरे होकर निकलेंगे।
10. उस दिन मनुष्य कहेगा कि भागने का स्थान कहाँ है?
11. कदापि नहीं, शरण लेने का स्थान कोई नहीं।
12. उस दिन तेरे पालनहार ही की ओर लौटकर जाना है।
13. उस दिन इनसान को बताया जाएगा जो उसने आगे भेजा और जो पीछे छोड़ा।[5]
[5] अर्थात संसार में जो कर्म किया और जो करना चाहिए था, फिर भी नहीं किया।
14. बल्कि इनसान स्वयं अपने विरुद्ध गवाह[6] है।
[6] अर्थात वह अपने अपराधों को स्वयं भी जानता है क्योंकि पापी का मन स्वयं अपने पाप की गवाही देता है।
15. अगरचे वह अपने बहाने पेश करे।
16. (ऐ नबी!) आप इसके साथ अपनी ज़ुबान न हिलाएँ[7], ताकि इसे शीघ्र याद कर लें।
[7] ह़दीस में है कि आप (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) फ़रिश्ते जिब्रील से वह़्य पूरी होने से पहले इस भय से उसे दुहराने लगते कि कुछ भूल न जाएँ। उसी पर यह आयत उतरी। (सह़ीह़ बुख़ारी : 4928, 4929) इसी विषय को सूरत ताहा तथा सूरतुल-आला में भी दुहराया गया है।
17. निःसंदेह उसको एकत्र करना और (आपका) उसे पढ़ना हमारे ज़िम्मे है।
18. अतः जब हम उसे पढ़ लें, तो आप उसके पठन का अनुसरण करें।
19. फिर निःसंदेह उसे स्पषट करना हमारे ही ज़िम्मे है।
20. कदापि नहीं[8], बल्कि तुम शीघ्र प्राप्त होने वाली चीज़ (संसार) से प्रेम करते हो।
[8] यहाँ से बात फिर काफ़िरों की ओर फिर रही है।
21. और बाद में आने वाली (आख़िरत) को छोड़ देते हो।
22. उस दिन कई चेहरे तरो-ताज़ा होंगे।
23. अपने पालनहार की ओर देख रहे होंगे।
24. और कई चेहरे उस दिन बिगड़े हुए होंगे।
25. उन्हें विश्वास होगा कि उनके साथ कमड़ तोड़ देने वाली सख्ती की जाएगी।
26. कदापि नहीं[9], जब प्राण हँसलियों तक पहुँच जाएगा।
[9] अर्थात यह विचार सह़ीह़ नहीं कि मौत के पश्चात् सड़-गल जाएँगे और दोबारा जीवित नहीं किए जाएँगे। क्योंकि आत्मा रह जाती है, जो मौत के साथ ही अपने पालनहार की ओर चली जाती है।
27. और कहा जाएगा : कौन है झाड़-फूँक करने वाला?
28. और उसे विश्वास हो जाएगा कि यह (संसार से) जुदाई का समय है।
29. और पिंडली, पिंडली[10] के साथ लिपट जाएगी।
[10] अर्थात मौत का समय आ जाएगा जो निरंतर दुःख का समय होगा। (इब्ने कसीर)
30. उस दिन तेरे पालनहार ही की ओर जाना है।
31. तो न उसने (सत्य को) माना और न नमाज़ पढ़ी।
32. लेकिन उसने झुठलाया तथा मुँह फेरा।
33. फिर अकड़ता हुआ अपने परिजनों की ओर गया।
34. तेरे लिए विनाश है, फिर तेरे लिए बर्बादी है।
35. फिर तेरे लिए विनाश है, फिर तेरे लिए बर्बादी है।
36. क्या इनसान समझता है कि उसे यूँ ही बेकार छोड़ दिया जायेगा?[11]
[11] अर्थात न उसे किसी बात का आदेश दिया जाएगा और न रोका जाएगा और न उससे कर्मों का ह़िसाब लिया जाएगा।
37. क्या वह वीर्य की एक बूंद नहीं था, जो (गर्भाशय में) गिराई जाती है?
38. फिर वह जमे हुए रक्त का टुकड़ा हुआ, फिर अल्लाह ने पैदा किया और दुरुस्त बनाया।
39. फिर उसने उससे दो प्रकार : नर और मादा बनाए।
40. क्या वह इसमें समर्थ नहीं कि मुर्दों को जीवित कर दे?
अर्थों का अनुवाद: Hindi Translation - Azizul Haq Al-Omari, संस्करण 1.1.5, QuranEnc.com से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित। (QuranEnc.com)
अनुवाद क़ुरआन के अर्थों को पहुँचाता है; यह स्वयं क़ुरआन नहीं है। क़ुरआन ऊपर दिया गया अरबी पाठ है।